Thursday, 4 December 2014

 जीआरपी पुलिस ने दो का किया चालान

शाहगंज। गुरूवार की सुबह रेलवे स्टेशन पर मारपीट कर रहे दो यात्री को पुलिस ने हिरासत में लेकर चालान भेज दिया। विवरण के अनुसार शाहगंज रेलवे स्टेशन पर दीपचन्द 25 साल पुत्र बांकेलाल निवासी शिकारपुर थाना सरायख्वाजा व राजेश पुत्र बाबूराम निवासी वाराणसी व राजेश पुत्र बाबूराम निवासी वाराणसी दोनों स्टेशन पर पहुंचे और कहीं जा रहे थे कि दोनों किसी बात को लेकर स्टेशन पर ही मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान कुछ यात्री देखते रहे। उसी दौरान किसी यात्री ने इसकी सूचना जीआरपी पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर चालान न्यायालय भेज दिया।

नाली के विवाद को लेकर पड़ोसियों ने चार लोगों को पीटा

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर में गुरूवार सुबह नाली विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एक ही परिवार के चार लोगों को लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी  अशोक कुमार मौर्य पुत्र फूलचन्द्र का पड़ोसियों से काफी दिनों से नाली विवाद चल रहा था कि सुबह बातचीत के दौरान मामला बढ़ता गया। पड़ोसियों ने अशोक मौर्या,  फूलचन्द्र मौर्या 70 सूरज 18 चंदन 15 को लाठी डंडे से पीटकर  घायल कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से चारो घायलों को उपचार हेतु जिला  चिकित्सालय में भर्ती कराया गया तीनों घायलों को इलाज करके छोड़ दिया गया। अशोक का इलाज चल रहा है।

अराजक तत्वों ने तोड़ी अम्बेडकर प्रतिमा


शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के सबरहद गांव में लगी अम्बेडकर प्रतिमा को बुधवार की रात अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। सुबह एक ग्रामीण अम्बेडकर प्रतिमा की तरफ से गुजर रहे थे तो उस समय कुछ लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।  देखते ही देखते अम्बेडकर प्रतिमा के पास ग्रामीणों की अच्छी खासी भीड़ जुट गयी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल किया और इस संबंध में मामले की छानबीन कर रही है।