Friday, 5 December 2014

जम्मू-कश्मीर में उरी आर्मी कैंप पर आतंकी हमला

7 जवान और तीन पुलिसकर्मी शहीद,

3 आतंकी मारे गए

जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्रीनगर दौरे से पहले आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में बड़ा हमला किया है। जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने शुक्रवार सुबह नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट उरी सेक्टर में सेना के एक कैंप पर हमला कर दिया। इस हमले में ताजा जानकारी मिलने तक सेना के सात जवान और तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं।
   वहीं, सेना की कार्रवाई में तीन आतंकी मारे गए हैं। मोहरा कैंप पर हुए इस आत्मघाती हमले के बाद सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। यह हमला उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के उड़ी इलाके में हुई, जहां नौ दिसंबर को राज्य में तीसरे चरण का मतदान होगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज तड़के तीन बजकर 10 मिनट पर उड़ी तहसील के मोहरा में सैन्य शिविर पर आतंकियों ने हमला किया। सुरक्षा बलों और हमलावररों के बीच भारी गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सेना के सात जवान और तीन पुलिसकर्मी मारे गए जबकि तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया है।

एक अख़बार जिसमे सिमटा सारा संसा

साध्वी मुद्दे पर गरमाई संसद

विपक्ष की निंदा प्रस्ताव पारित कराने की मांग

नई दिल्ली। साध्वी मुद्दे पर राज्यसभा में जारी गतिरोध समाप्त करने के लिए नौ विपक्षी दलों ने सरकार से उनके उस संयुक्त प्रस्ताव को स्वीकार करने का अनुरोध किया, जिसमें कहा गया है कि मंत्री के ऐसे बयान के स्वीकार नहीं किया जा सकता और इसकी निंदा की जाए।
    राज्यसभा में नौ विपक्षी दलों कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, जदयू, बहुजन समाज पार्टी, माकपा, द्रमुक, भाकपा और राकांपा ने प्रस्ताव रखा। नौ विपक्षी दलों की ओर से जारी संयुक्त बयान के अनुसार, हम सभी दल एक मंत्री के घणित बयान पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हैं। ऐसे बयान देने वाले मंत्री को मंत्रिपरिषद से हटाने का मामला बनता है क्योंकि यह भारतीय दंड संहिता की धारा 153ए के तहत संज्ञेय आपराध है और संविधान की बुनियादी प्रकृति का भी उल्लंघन करता है।
   हमारा यह कर्तव्य बनता है कि मंत्री को इस्तीफा देने के लिए कहा जाए या प्रधानमंत्री उन्हें मंत्रिपरिषद से हटाये जाने की सिफारिश करें। बयान के अनुसार, जब प्रधानमंत्री ने कल राज्यसभा में बयान दिया तब हमने शांति से उनकी पूरी बात सुनी। दुर्भाग्य से प्रधानमंत्री उन्हें (मंत्री) हटाये जाने या उनकी टिप्पणी की निंदा करने के बुनियादी विषय पर नहीं बोले।
     विपक्षी दलों ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में हमने गुरूवार को कार्यमंत्रणा समिति को यह सूचित करने का निर्णय किया है कि सदन में निंदा संबंधी प्रस्ताव लाया जाए कि मंत्रियों का इस तरह का बयान स्वीकार्य नहीं है और इसकी निंदा की जानी चाहिए। हमने मंत्री का नाम नहीं लेने की बात भी कही। बयान के अनुसार, दुर्भाग्य से सरकार ने हमारे व्यवहारिक प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। हालांकि हमने इस अवधि में संयम बरता। विपक्ष ने सरकार को घेरा केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के विवादास्पद बयान पर एकजुट विपक्ष ने आज लगातार चौथे दिन लोकसभा में सरकार को घेरा और इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री के बयान से संतुष्ट नहीं हुए तथा संबंधित मंत्री पर कार्रवाई की मांग करते हुए सदन से वाकआउट किया। आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी सदस्य अपने मुंह पर काली पट्टी लगाकर आए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साध्वी के बयान को खारिज करते हुए मर्यादा में रहकर बोलने की नसीहत दी। उन्होंने सदन चलने देने के लिए निचले सदन के सदस्यों का आभार जताया। प्रधानमंत्री ने साध्वी मुद्दे पर विराम लगाकर देशहित में सदन में कामकाज चलने देने का आग्रह किया। इस पर सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा कि प्रधानमंत्री को मालूम है कि यह विषय किस संदर्भ में उठाया गया है। यह बात उनके संज्ञान में लाना जरूरी थी। हम किसी व्यक्ति के विरूद्ध नहीं है, चाहे वह किसी भी पष्ठभूमि का हो।
उन्होंने कहा कि आपके मंत्रिगण ऐसे बयान दे रहे हैं जिससे देश में दूसरे तरह का माहौल बन रहा है।


एक अख़बार जिसमे सिमटा सारा संसा

कोहरे की चादर से ढंका आसमान

 जौनपुर। कोहरे की चादर से आसमान के ढंकने का क्रम गुरुवार से शुरू हो गया जो शुक्रवार को जारी रहा और इसी के साथ गरीबों की परेशानी भी बढऩे लगी है। एक दिन पहले धुले गए कपड़े दूसरे दिन भी नहीं सूख सके। हल्के कपड़े जो आसमान के नीचे पड़े रह गए वह भी नम हो गए। ऐसा लगा कि सूखे कपड़े पर रात में बारिश हो गई हो।1घने कोहरे के साथ सुबह शीतलहर भी शुरू हो गई। नतीजा जीवन की रफ्तार धीमी मंद दिखी। दोपहर बाद आसमान भगवान भास्कर ने झांका लेकिन तीखी धूप के लिए लोग तरसते ही रह गए।
    बुधवार की रात से शुरू कोहरे की स्थिति यह है कि भोर में और रात में रास्ता नहीं दिखाई दे रहा है। दिन में भी शहर के बाहर घना कोहरा होने से वाहनों की हेड लाइट जलानी पड़ी। स्थिति यह रही कि पूरा शरीर गर्म कपड़ों से ढंकने के बाद भी कंपकंपी छूट रही थी। हर तरफ लोगों के मुख से यही निकल रहा था कि अबकी भगवान ने काफी पहले कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सरकारी अलाव का कहीं पता नहीं है लेकिन घरों में सुबह और शाम अलाव जलना मजबूरी बन गई है। मौसम की मार का आलम यह है कि लकड़ी के टाल अभी से सज गए हैं। हर कोई राहत की तलाश करता नजर आ रहा है। बूढ़े और बीमारों के अलावा जिन्हें कभी हड्डी में चोट लगी है उनकी हालत ज्यादा पतली है। बुजुर्गो की हालत तो यह हो गई है कि अलाव के बिना रहना मुश्किल हो गया है।
   सुबह के वक्त अखबार और दूध बेचने वालों की हालत तो देखकर ही शरीर कांप गया। सबकी दिनचर्या बदली दिखी। वाहनों की गति कम होने से यात्र पूरी होने में ज्यादा समय लग रहा है। घने कोहरे के कारण शहर से बाहर निकलना दिन में भी मुश्किल हो जा रहा है। राहत के लिए गरीब सरकारी अलाव पर ही आश्रित हैं क्योंकि उनकी गरीबी उन्हें घर में अलाव जलाने की इजाजत नहीं दे रही है। जिनके पास साधन का अभाव है, वे दिन-रात ठिठुरकर व्यतीत कर रहे हैं। सुबह के साफ किए गए कपड़े दूसरे दिन तक नहीं सूख पाने से गरीबों की समस्या और भी बढ़ गयी है। ऊनी वस्त्रों के सूखने में तो कई दिन लग जा रहे हैं। जिनके पास कपड़ों का अभाव है, वे कोहरे को देख कपड़े भी साफ करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। कुल मिलाकर कोहरा और सर्द हवाओं ने हर किसी के लिए मुसीबत खड़ी कर दिया है।

एक अख़बार जिसमे सिमटा सारा संसा

सड़क दुर्घटना में तीन घायल

शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अलग अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटना में महिला समेत तीन लोग घायल हो गये। विवरण के अनुसार स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पश्चिम ताखा निवासी रमापति की पत्नी मनोरमा देवी तीर्थ स्थान से दर्शन कर लौट रही थी कि कस्बे में बाइक से टकराकर घायल हो गयी। इसी तरह एराकियाना निवासी सनवर अली कमांडर जीप से घर जा रहा था कि दूसरी जीप से टकरा जाने के कारण घायल हो गया। इसी क्रम में राजू 35 पुत्र लक्ष्मन ग्राम गोडिला भी सड़क दुर्घटना में घायल हो गये। तीनों का उपचार शाहगंज अस्पताल में कराया गया।

आटो बोलेरो से टकरायी, तीन जख्मी


जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मनीहा गोविंदपुर में बोलेरो आटो से टकरा गयी। आटो में  सवार कलावती देवी पत्नी सीताराम ग्राम महिमा गोविंदपुर आशा देवी पत्नी सुबाष कुमार ग्राम भदेवरा मखंचू 70 साल ग्राम गोविंदपुर घायल हो गये। स्थानीय लोगों द्वारा तीनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के लिये सौंपा ज्ञापन
जौनपुर। राजेश कुमार महाविद्यालय कोहड़े सुल्तानपुर के विद्यार्थियों ने बीएड सत्र 2013-14 में जमा शुल्क की प्रतिपूर्ति एवं छात्रवृत्ति न मिलने की शिकायत जिलाधिकारी से की। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों को नियमानुसार मिलने वाली छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के संबंध में इन छात्रों का कहना है कि उन्होंने नियमनुसार आवेदन किया था। लेकिन अभी तक उन्हें छात्रवृत्ति और शुल्कप्रतिपूर्ति प्राप्त नहीं हुयी है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि उन्हें यथाशीघ्र छात्रवृत्ति दिलाई जाये।