Saturday, 13 December 2014

पत्रकार को पितृशोक

जौनपुर। वाराणसी से प्रकाशित एक हिन्दी दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार के वयोवृद्ध चिकित्सक पिता का शनिवार को हृदय गति रूक जाने से निधन हो गया जिसकी जानकारी होने पर खेतासराय स्थित उनके आवास पर लोगों का तांता लग गया। मालूम हो कि पत्रकार इन्द्रजीत सिंह मौर्य के पिता डा. राम अवध मौर्य 82 वर्ष के थे जो काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। आज सुबह खेतासराय स्थित अपने निजी आवास पर उन्होंने अंतिम सांस लीं। उनका अंतिम संस्कार नगर से सटे राम घाट पर हुआ जहां मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र इन्द्रजीत मौर्य ने दी। इस मौके पर तमाम राजनीतिज्ञ, अधिकारी, पत्रकार, अधिवक्ता, समाजसेवी आदि ने उपस्थित होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दिया। उधर गोमती जर्नलिस्ट एसोसिएशन के नखास स्थित कैम्प कार्यालय पर अध्यक्ष डा. राम सिंगार शुक्ल गदेला की अध्यक्षता में शोकसभा हुई जहां उपस्थित पत्रकारों ने मौन रखकर दिवंगत के आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना किया। इस मौके पर संस्थापक रामजी जायसवाल, महासचिव संजय अस्थाना, कैलाशनाथ मिश्र, डा. ज्ञान प्रकाश सिंह, प्रमोद जायसवाल, डा. प्रमोद वाचस्पति, अजय शुक्ला, संतोष सोंथालिया, सूरज साहू, अजीत सोनी, नौशाद अली, दीपक गुप्ता, अजय पाण्डेय, सै. मो. अब्बास, दीपक मिश्र, प्रकाश चन्द्र शुक्ल, कुमार कमलेश, सुशील वर्मा एडवोकेट, संजय शुक्ल, शशिधर शर्मा, इसरत हुसैन, मनीष मिश्र सहित सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।

प्रबंधक के बड़े भाई का निधन

जौनपुर। करंजाकला विकास खंड के नेहरू इंटर कालेज पतहना के प्रबंधक शोभनाथ सिंह के बड़े भाई विश्वनाथ सिंह का लम्बी बीमारी के चलते शनिवार की सुबह निधन हो गया। वे लगभग 95 वर्ष के थे। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्होने अपने पैतृक आवास पतहना में अंतिम सांस ली। उनकी मौत से विद्यालय बंद कर दिया गया। विद्यालय में शिक्षक व छात्रों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की। उनके घर संभ्रांत नागरिकों का तांता लगा हुआ है। 

जमीनी विवाद में मारपीट, एक घायल

जलालपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के भगरी गांव में शनिवार की सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट मे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी राजबहादुर यादव व दीनानाथ यादव दोनों पड़ोसी है। इन दोनों के बीच काफी दिनों से जमीनी विवाद चल रहा था। जिससे दोनों के बीच दूरी बनी हुयी थी। सुबह राजबहादुर गांव के रास्ते से बाजार दूध लेकर जा रहा था कि रास्ते में दूसरे पक्ष के दीनानाथ से कहासुनी के दौरान उसकी जमकर पिटाई कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आते जाते राहगीरों ने काफी बीच बचाव किया और घायल के परिजनों को सूचना दी। घायल ने स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

व्यापार मंडल ने सहयोग के लिये जताया आभार

खुटहन। स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष भगौती प्रसाद यादव ने संगठन के राष्टï्रीय अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल के साथ हुए दुव्यर्वहार के विरोध में गुरूवार को बाजार बंदी में सहयोग के लिए सभी व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 

सीमेंट का टीनशेड उठा ले गये चोर

जलालपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बाकराबाद गांव में रात में एक बिल्डिंग मैटेरियल्स की दुकान से चोरों ने लाखों का सामान उठा ले गये। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बाकराबाद गांव निवासी विनय गुप्ता की एक बिल्डिंग मैटेरियल्स की दुकान घर से कुछ दूरी पर सड़क के किनारे स्थित है। रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर चले गये और सीमेंट का टीनशेड बाहर रखकर गये थे कि रात में टीनशेड को चोर उठा ले गये और आस पास के  लोगों को भनक तक नहीं लगी सुबह लोग अपनी जरूरत के लिये उस रास्ते से गुजर रहे थे तो देखा की टीनशेड टूटा हुआ चारो तरफ बिखरा पड़ा था। वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गयी। उसी समय भुक्तभोगी दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि उसका सीमेंट का 115 टीनशेड गायब था। देखते ही उसके होश उड़ गये। उसने तत्काल सूचना पुलिस को दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 

पत्रकार के दादा का निधन

जौनपुर। जौनपुर समाचार के पत्रकार शिवशंकर शर्मा के दादा भद्ïदर शर्मा का लम्बी बीमारी के चलते देहावसान हो गया। वे लगभग 90 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर  दौड़ पड़ी। वे सामाजिक कार्यकर्ता भी थे। उनका अंतिम संस्कार रामघाट पर कर दिया गया। उनके घर शोक संवेदना देने वालों का ताता लगा रहा। 

25 दिसम्बर को होगी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता

खुटहन। छात्रों के मानसिक विकास एवं उनके द्वारा अध्ययन किये गये विषयों के संबंध में दिनांक 25 दिसम्बर को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन रमरत्ती देवी शिक्षण संस्थान भटपुरा रसूलपुर में होगा। उक्त आशय की जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार बिंद ने दी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कक्षा 8 तक के पढने वाले किसी भी विद्यालय के छात्र सम्मिलित हो सकते हैं।